नई दिल्ली, 27 अप्रैल 2026.
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले राजनीतिक माहौल के बीच उत्तर 24 परगना के जगद्दल इलाके में रविवार देर रात तनाव हिंसा में बदल गया। जगद्दल पुलिस स्टेशन के पास विरोधी दलों के समर्थकों के बीच हुई झड़प ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई जब प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। इसी दौरान कथित रूप से देसी बम फेंके जाने और गोलीबारी की घटनाएं सामने आईं। इस हिंसा में सीआईएसएफ का एक जवान गोली लगने से घायल हो गया, जिसे तत्काल भाटपारा स्टेट जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि भाजपा उम्मीदवार राजेश कुमार रविवार रात करीब 10 बजे जगद्दल थाने पहुंचे थे, जहां वे के नाम पर दर्ज एक मामले की कॉपी लेने गए थे। उसी दौरान तृणमूल कांग्रेस के पार्षद मनोज पांडे भी अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए।
कुछ ही देर बाद भाजपा नेता के वहां पहुंचते ही माहौल और तनावपूर्ण हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही वे अपनी गाड़ी से उतरे, दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई।
स्थानीय सूत्रों का दावा है कि पहले एक तृणमूल कार्यकर्ता पर हमला हुआ, जिसके बाद दूसरी ओर से जवाबी कार्रवाई की गई। देखते ही देखते यह संघर्ष घोषपारा रोड तक फैल गया, जहां दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस दौरान देसी बम फेंके जाने और गोलीबारी की खबरों ने इलाके में दहशत और बढ़ा दी।
घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।

Post a Comment
0 Comments