Type Here to Get Search Results !

मुंबई में तीन मंजिला चॉल ढही, छह लोगों की मौत; राहत-बचाव कार्य पर BMC क्या बोली?

 मुंबई के मानखुर्द के जनता नगर में एक तीन मंजिला चॉल का एक हिस्सा गिरने से छह लोगों की मौत हो गई। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति घायल भी हुआ है। गौरतलब है कि भारी बारिश के चलते मुंबई में हालात बहुत बिगड़ गए हैं।

हादसे पर बीएमसी ने क्या कहा?

बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के अधिकारियों के अनुसार, चार महिलाओं और एक पुरुष को शताब्दी अस्पताल में मृत लाया गया। एक अन्य पुरुष को राजावाड़ी अस्पताल में मृत घोषित किया गया। एक घायल व्यक्ति का बीएमसी संचालित राजावाड़ी अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह घटना जनता नगर में चॉल नंबर 5 में हुई। हनुमान मंदिर के पीछे, मंडला इलाके में रात करीब 8:30 बजे यह हादसा हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीन मंजिला संरचना के दो से तीन हिस्से ढह गए।

बचाव अभियान में कितनी एजेंसियां?

मलबे में एक व्यक्ति के फंसे होने की आशंका है, जिसे निकालने के लिए बहु-एजेंसी अभियान जारी है। इसमें राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) के कर्मी भी शामिल हैं। मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, बीएमसी वार्ड कार्यालय और 108 एम्बुलेंस सेवाएं भी बचाव कार्य में जुटी हैं। स्थानीय भाजपा पार्षद नवनाथ बान ने एक और व्यक्ति के लापता होने की बात कही।

भारी बारिश और अंधेरे के बीच रेस्क्यू?

बीएमसी ने इस हादसे के बारे में बताया कि मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। समाचार एजेंसी पीटीआई की तरफ से जारी वीडियो में देखा जा सकता है कि बारिश और अंधेरे के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में अड़चन आ रही है।





बीएमसी ने हादसे के बारे में और क्या कहा?

मानखुर्द में तीन मंजिला चॉल गिरने के बाद बीएमसी की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि इमारत पुरानी थी और लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण ये रिहायशी भवन ढह गया। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।



Post a Comment

0 Comments